आखिर क्यों मां की ममता ने टेके घुटने! दोनों बेटों को दर्दनाक मौत देने के बाद महिला ने की खुदकुशी
आखिर क्यों मां की ममता ने टेके घुटने! दोनों बेटों को दर्दनाक मौत देने के बाद महिला ने की खुदकुशी

आखिर क्यों मां की ममता ने टेके घुटने! दोनों बेटों को दर्दनाक मौत देने के बाद महिला ने की खुदकुशी
(प्रसार संपादक शेखर गुप्ता)
ओडिशा के केन्दुझर जिले के चंपुआ थाना अंतर्गत दुरुकुलिया गांव में एक महिला ने अपने दोनों बेटों का गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतका का परिचय गांव के भीमसेन नायक की पत्नी क्षणप्रभा नायक के रूप में हुई। उनका बड़ा बेटा जानसन महज चार साल का है, जबकि छोटा बेटा चंदन दो साल का है। महिला ने किस वजह से इस घटना को अंजाम दिया इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
पति की गैरहाजिरी में पत्नी ने वारदात को दिया अंजाम
प्राप्त सूचना के मुताबिक, भीमसेन के माता-पिता एवं भाई-भाभी नए घर में रहते हैं। भीमसेन अपनी पत्नी व दो बेटे तथा एक बेटी के साथ एक दूसरे घर में रहता है। भीमसेन काम करने के लिए खेत में गया था और घर में क्षणप्रभा और दोनों बेटों के अलावा कोई और नहीं था। इसी समय क्षण प्रभा ने गला दबाकर पहले दोनों बेटों की हत्या की और फिर खुद रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
छह साल की बेटी के लिए मां ने नहीं खोला दरवाजा
घटना के वक्त भीमसेन की बड़ी बेटी तपस्विनी (6) स्कूल गई हुई थी और जब वह स्कूल से लौटी तो उसे घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने मां को बुलाया, लेकिन मां ने दरवाजा नहीं खोला। कुछ वक्त बीत जाने के बाद तपस्विनी पड़ोस में रहने वाली दादी को बुलाया। दोनों ने मिलकर कुछ देर तक आवाज लगायी, किन्तु दरवाजा नहीं खुला। इस बीच आस-पड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गए। पड़ोस के लोगों ने छप्पर के ऊपर चढ़कर टाईल हटाकर देखा, तो पाया कि दोनों बच्चों का शव नीचे पड़ा है और क्षणप्रभा का शव लटक रहा है।
पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंपा गया शव
भीमसेन के भाई मोहन नायक ने इस संदर्भ में चंपुआ थाना पुलिस को जानकारी दी। चंपुुुआ एसडीपीओ रामराय मुर्मु, चम्पुआ थाना अधिकारी गगन बिहारी नायक वहां पहुंचे और शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर छानबीन शुरू कर दी। इस बीच देर हो जाने से क्षणप्रभा के शव का आज पोस्टमार्टम करने के बाद शव को उसके परिवार को सौंप दिया गया है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। लोगों का कहना है कि अगर क्षणप्रभा ने ऐसा कदम उठाया है, तो इसके पीछे जरूर कोई वजह होगी। पुलिस फिलहाल मामला दर्ज कर घटना की छानबीन कर रही है कि आखिर एक महिला ने इस तरह का कदम क्यों और किस परिस्थिति में उठाया है।