कटक में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने किया दूसरी भारतीय चावल कांग्रेस का उद्घाटन, कृषि वैज्ञानिकों को दिया साधुवाद
कटक में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने किया दूसरी भारतीय चावल कांग्रेस का उद्घाटन, कृषि वैज्ञानिकों को दिया साधुवाद
कटक में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने किया दूसरी भारतीय चावल कांग्रेस का उद्घाटन, कृषि वैज्ञानिकों को दिया साधुवाद
(प्रसार संपादक शेखर गुप्ता)
खाद्य सुरक्षा में चावल की क्या भूमिका है, यह हर कोई जानता है। चावल उत्पादन केवल हमारी अर्थव्यवस्था को ही मजबूत नहीं कर रहा है बल्कि विभिन्न पूजा पर्व में भी चावल की भूमिका निर्विवाद है। यह बात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कटक विद्याधरपुर राष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र में भारतीय चावल कांग्रेस का उद्घाटन करते हुए कही। राष्ट्रपति ने कहा कि मैं युवा वैज्ञानिकों, विशेष रूप से महिला वैज्ञानिकों को देखकर बहुत खुश हूं।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत चावल का निर्यात कर कई देशों को खाद्य मुहैया करा रहा है। इसके साथ ही भारत भी चावल का उपयोग करने वाले देशों में सबसे आगे है। धान परिवार का धनधान्य है और परिपूर्णता का लक्षण है। धान के उत्पादन में जलवायु परिवर्तन बाधक बन रहा है। प्राकृतिक आपदा धान के लिए बाधक बन रही है। ऐसी परिस्थिति में कृषि वैज्ञानिकों की भूमिका बेहद अहम है।
राष्ट्रपति ने कहा कि उर्वरक का अत्यधिक उपयोग होने से मिट्टी की गुणवत्ता नष्ट हो रही है। इसलिए इकोफ्रेंडली उपाय से धान का उत्पादन करने की दिशा में कार्य करने के लिए कृषि वैज्ञानिकों से मैंने आह्वान किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि हमारे वैज्ञानिक इसके लिए काम करेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में भाग लेने वाले वैज्ञानिक खासकर युवा एवं महिला वैज्ञानिकों को देखकर राष्ट्रपति ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आप लोग अपना मूल्यवान समय धान के रिसर्च पर लगा रहे हैं, जिसके लिए आप साधुवाद के पात्र हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार कृषि और किसानों के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। चावल उत्पादन के क्षेत्र में भारत दुनिया में पहले नंबर पर है। केंद्र सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि की शुरुआत कर अब तक 11.5 करोड़ किसानों को 2.24 लाख करोड़ रुपये जारी किए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विद्याधरपुर में राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान में दूसरी भारतीय चावल कांग्रेस का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल, केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राज्य के कृषि, मत्स्य पालन और पशुपालन मंत्री रणेंद्र प्रताप स्वाईं भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद राष्ट्रपति हेलीकाप्टर के जरिए भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर पहुंची और फिर यहां से वह भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गई। राष्ट्रपति के दौरे के समय कटक में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई थी, जिसकी निगरानी कटक के डीसीपी पिनाक मिश्र कर रहे थे।