मुख्यमंत्री जी गद्दी छोडि़ए, आपसे नहीं संभल पा रहा है प्रदेश: ओडिशा में भाजपा ने बीजद के खिलाफ खोला मोर्चा
मुख्यमंत्री जी गद्दी छोडि़ए, आपसे नहीं संभल पा रहा है प्रदेश: ओडिशा में भाजपा ने बीजद के खिलाफ खोला मोर्चा
मुख्यमंत्री जी गद्दी छोडि़ए, आपसे नहीं संभल पा रहा है प्रदेश: ओडिशा में भाजपा ने बीजद के खिलाफ खोला मोर्चा
(प्रसार संपादक शेखर गुप्ता)
मंत्री नव दास हत्या मामला एवं प्रदेश में चरमराती कानून व्यवस्था के प्रतिवाद में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की तरफ से राजभवन के सामने विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। भाजपा नेताओं ने इस प्रदर्शन के जरिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आपके शासन में अब कोई भी सुरक्षित नहीं है, मुख्यमंत्री जी आप गद्दी छोड़ दीजिए।
गोपाल दास नहीं है पागल: भाजपा
भाजपा नेताओं ने कहा कि देश के इतिहास में यह दूसरी घटना है जब किसी मंत्री की उसके ही सुरक्षा कर्मी ने हत्या कर दी। भाजपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि यदि घटना की सही ढंग से जांच की गई तो आपकी सरकार गिर जाएगी इसीलिए तो हत्याकांड के कुछ ही क्षण बाद हत्यारोपित को पागल घोषित करने के लिए तरह- तरह के बयान सामने आने लगे। भाजपा नेताओं ने बताया कि मंत्री का हत्या करने वाला गोपाल दास पागल नहीं है। यदि पागल होता तो उसे क्या 10 बार सम्मान दिया जाता, दो बार उसकी पदोन्नति की जाती।
इन दिनों क्राइम कैपिटल बना ओडिशा: भाजपा
भाजपा ने कहा कि ओडिशा का नाम इन दिनों राष्ट्रीय स्तर पर क्राइम कैपिटल हो गया है। ओडिशा पुलिस राज्य सरकार के गुंडे की तरह काम कर रही है। आम जनता तो क्या मंत्री तक इस सरकार में सुरक्षित नहीं हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री जी आप से प्रदेश नहीं संभल पा रहा है आप इस्तीफा दे दीजिए। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा है कि यह भी हो सकता है कि मंत्री नव दास की ही तरह जयनारायण मिश्रा की भी हत्या की योजना बनाई गई हो।
राज्य में भाजपा का विरोध प्रदर्शन
गौरतलब है कि मंगलवार से भाजपा का विरोध प्रदर्शन तीन दिनों में प्रवेश कर गया है। भाजपा इस संबंध में राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपेगी। पार्टी ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में साइबर अपराध, बच्चों के अपहरण, लूट, दुष्कर्म और हत्या जैसे अपराधों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है।
भाजपा के इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, भाजपा सांसद अपराजिता षडंगी, पूर्व केन्द्र मंत्री तथा सांसद प्रताप ष़डंगी, सांसद सुरेश पुजारी, प्रदेश अध्यक्ष समीर माहांती, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पंडा, वरिष्ठ नेता नयन किशोर मोहंती, गोलक महापात्रा, भृगु बक्सीपात्रा, रामरंजन बलियार सिंह, बाबू सिंह, स्मृति पटनायक, सूरमा पाढ़ी और विधायक ललितेंदु मौजूद थे।